द फॉलोअप डेस्क
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम-2026 के दौरान स्विट्ज़रलैंड के दावोस में इस बार झारखंड की आवाज़ पूरी मजबूती के साथ दुनिया के सामने रखी जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन महिला उद्यमिता और नेतृत्व से जुड़े दो बड़े अंतरराष्ट्रीय सत्रों में मुख्य वक्ता के रूप में हिस्सा लेंगी। यह झारखंड सरकार के महिला सशक्तीकरण और सबको साथ लेकर चलने वाले विकास मॉडल को वैश्विक मंच पर दिखाने का अहम मौका माना जा रहा है। 20 जनवरी को दावोस के झारखंड हाउस में सुबह 10:30 बजे झारखंड सरकार और ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के वूमेन एंपावरमेंट विंग के साथ मिलकर एक पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी। इस चर्चा का विषय होगा- महिला उद्यमिता कैसे विकास को आगे बढ़ाती है और एक मजबूत व टिकाऊ अर्थव्यवस्था बनाने में कैसे मदद करती है। इसी दिन शाम 4 बजे दावोस के प्रोमेनेड 73 स्थित वी-लीड यानी वूमेन लीडरशिप लाउंज में एक और सत्र होगा। यहां इस बात पर बातचीत होगी कि आने वाली नई अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में किसकी भूमिका सबसे अहम है और उसमें महिलाओं की भागीदारी कैसे निर्णायक बन रही है। इस वैश्विक मंच पर अपनी भागीदारी को लेकर कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड से लेकर दावोस तक यह संवाद इस सोच को दिखाता है कि महिलाएं सिर्फ विकास में शामिल नहीं होतीं, बल्कि वही विकास की असली ताकत होती हैं। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और सभी को साथ लेकर चलने वाली अर्थव्यवस्था बनाने में महिला नेतृत्व की भूमिका बेहद जरूरी है। इन आयोजनों के जरिए झारखंड सरकार निवेश, सामाजिक न्याय और टिकाऊ विकास को लेकर अपनी सोच और योजनाएं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और नीति बनाने वालों के सामने रखेगी। यह कार्यक्रम गेट्स फाउंडेशन, सीआईआई और अलायंस फॉर ग्लोबल गुड जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जिससे इसकी वैश्विक अहमियत और भी बढ़ जाती है।
.jpeg)