logo

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार : संताली फिल्म ‘आंगेन’ के निर्देशक को राष्ट्रपति के हाथों मिला बेस्ट डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर का सम्मान

संताली फिल्म ‘आंगेन’ के निर्देशक को राष्ट्रपति के हाथों मिला बेस्ट डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर का सम्मान

द फॉलोअप, जमशेदपुर: 

झारखंड के संताली सिनेमा के लिए मंगलवार का दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आया। गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में संताली लघु फिल्म ‘आंगेन’ के निर्देशक रवि राज मुर्मू को ‘बेस्ट डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर’ (नॉन-फीचर) के प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया, जिससे पूरे राज्य ले लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह पहला मौका है जब राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की नॉन-फीचर फिल्म श्रेणी में किसी संताली फिल्म ने यह मुकाम हासिल किया है।

आदिवासी संस्कृति को रूपहले पर्दे पर जीवंत

‘आंगेन’ ने न केवल झारखंड की लोककथाओं और आदिवासी संस्कृति को रूपहले पर्दे पर जीवंत किया, बल्कि संताली भाषा को राष्ट्रीय मंच पर एक सशक्त पहचान दिलाई। इस फिल्म के जरिए गांव की मिट्टी, परंपराओं और अपनी जड़ों से जुड़े रहने के महत्व को बेहद संवेदनशीलता के साथ दर्शकों तक पहुंचाया गया है। पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले रवि राज मुर्मू की इस सफलता से पूरे राज्य में खुशी की लहर है। गौरतलब है कि वर्ष 2024 की फिल्मों और फिल्म निर्माण से जुड़ी उपलब्धियों के लिए इन 72वें राष्ट्रीय पुरस्कारों की घोषणा 18 जुलाई 2026 को की गई थी। तभी से झारखंड और संताली समाज में इस ऐतिहासिक जीत की खासी चर्चा रही है।

लेखकों में एक नयी उम्मीद और ऊर्जा का संचार 

'आंगेन' को मिला यह सम्मान केवल एक फिल्म या निर्देशक की सफलता तक सीमित नहीं है। इस उपलब्धि ने झारखंड के युवा कलाकारों, फिल्म निर्माताओं और लेखकों में एक नयी उम्मीद और ऊर्जा का संचार किया है। इससे क्षेत्रीय सिनेमा, संताली भाषा और स्थानीय कहानियों को बड़े मंचों तक ले जाने की राह आसान होगी। इस बीच, राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल कर बुधवार को झारखंड लौट रहे रवि राज मुर्मू के भव्य स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रांची के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनके आगमन पर प्रशंसकों, कलाकारों और स्थानीय लोगों द्वारा उनका जोरदार अभिनंदन किया जाएगा। यह सम्मान संताली सिनेमा के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा।

Tags - National Film Awards Angen film Ravi Raj Murmu Best Debut Film of a Director