द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के राजभवन का नाम अब बदलकर लोक भवन झारखंड कर दिया गया है। इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन में गृह मंत्रालय की पहल के तहत देश के सभी राजभवनों को अब लोक-केंद्रित पहचान दी जा रही है। इसी क्रम में झारखंड का राजभवन अब “लोक भवन झारखंड” के नाम से जाना जाएगा। राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव नितीन मदन कुलकर्णी के हस्ताक्षर से बुधवार को इसका आदेश जारी कर दिया गया। जारी आदेश में कहा गया है कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय और झारखंड के राज्यपाल की स्वीकृति के बाद रांची और दुमका के राजभवन का नया नाम आधिकारिक रूप से लोक भवन किया गया है. यह बदलाव राज्य सरकार के प्रस्ताव पर राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद हुआ है। नए नाम की घोषणा के साथ ही प्रदेश में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। यह परिवर्तन झारखंड के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ता है। नाम बदलने को लेकर सरकार का तर्क है कि हर नाम, हर इमारत और हर प्रतीक अब एक सरल विचार की ओर इशारा करते हैं कि सरकार सेवा के लिए है।
