logo

जिस आंगन में शहनाई बजनी थी, वहां पसरा मातम; शादी से दो दिन पहले जहरीले सांप के डंसने से दुल्हन की मौत

जिस आंगन में शहनाई बजनी थी, वहां पसरा मातम; शादी से दो दिन पहले जहरीले सांप के डंसने से दुल्हन की मौत

पश्चिमी सिंहभूम

जिस घर में दो दिन बाद शहनाइयां बजनी थी, वहां अब मातम पसरा है। मंगलवार को दुल्हन बनने वाली 25 वर्षीय बिरसी मिंज रविवार को दुनिया छोड़ गयी। जहरीले चित्ती सांप के डंसने के बाद उसे समय पर इलाज नहीं मिल सका और शादी की तैयारियों में जुटा पूरा परिवार देखते ही देखते शोक में डूब गया। घटना के बाद इलाज में देरी और झाड़फूंक के भरोसे बिताये गये समय ने परिवार की खुशियां छीन लीं। यह दर्दनाक घटना पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड स्थित जराइकेला थाना क्षेत्र के रबंगदा गांव की है। जहां गांव की 25 वर्षीय बिरसी मिंज की जहरीले पहाड़ी चित्ती सांप के डंसने से मौत हो गयी।

जहरीले चित्ती सांप ने उसके बाएं हाथ में डंस लिया

जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3:30 बजे बिरसी मिंज अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान एक जहरीले चित्ती सांप ने उसके बाएं हाथ में डंस लिया। सांप के काटते ही उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने सांप को खोजने और मारने का प्रयास किया, लेकिन वह घर के भीतर ही कहीं छिप गया। घटना के बाद परिजन युवती को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय गांव के बैद्य के पास ले गये, जहां झाड़फूंक और पारंपरिक तरीके से उपचार कराया गया। इस दौरान काफी समय बीत गया और उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गयी।

शादी की लगभग सभी तैयारियां पूरी

सुबह करीब 10 बजे जब स्थिति गंभीर हुई, तब उसे मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। मृतका के पिता सुकरा मिंज ने बताया कि बेटी की शादी की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी थी। घर में रिश्तेदारों के आने-जाने और शादी की रस्मों की चर्चा चल रही थी। लेकिन एक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस आंगन से दो दिन बाद बेटी की विदाई होनी थी, वहां अब शोक पसरा है। मृतका के होने वाले ससुराल पक्ष के लोग भी गांव पहुंचे। पूरे गांव में अब मातम और सन्नाटा पसरा रहा।

 

Tags - Snake Bite Bride Elect Death Fatal Incident Sudden Death Death Before Marriage