द फॉलोअप डेस्क
नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आज झारखंड पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। मिली खबर में बताया गया है कि पूर्वी सिंहभूम जिले में पुलिस ने जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 67 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ भी जब्त किए गए हैं। पुलिस की ओऱ से कहा गया है कि जिले में अपराधियों, अवैध हथियार रखने वालों और मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी संख्या में आरोपियों को पकड़ा है।

133 किलो से अधिक गांजा और ब्राउन शुगर जब्त
पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी एहतशाम वकारिब ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 133.9 किलो गांजा और 108.6 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 देसी पिस्तौल और 15 जिंदा कारतूस भी जब्त किए हैं। हथियारों और नशीले पदार्थों की बरामदगी को देखते हुए पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। बता दें कि पूर्वी सिंहभूम पुलिस इससे पहले जुलाई में भी विशेष अभियान चलाकर नशे के कारोबार और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। उस दौरान 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया था और करीब एक करोड़ रुपये मूल्य का ड्रग्स बरामद किया गया था। पुलिस ने उस अभियान के दौरान 36 तस्करों को भी गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर पुलिस की नजर बनी हुई है।
.jpeg)
787 संदिग्धों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया
एसएसपी ने बताया कि इसी अवधि में असामाजिक गतिविधियों में संदिग्ध भूमिका वाले 787 लोगों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह कार्रवाई भी अभियान का हिस्सा है।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों, अवैध हथियार रखने वालों और मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना और नशीले पदार्थों के कारोबार को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करना है।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें