logo

सोमा मुंडा हत्याकांड को लेकर आज झारखंड बंद, खूंटी में प्रशासन अलर्ट

SOMA2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
आदिवासी नेता एवं पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग को लेकर विभिन्न आदिवासी संगठनों ने आज एक दिवसीय झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद का असर खूंटी जिले में अधिक रहने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बंद से पूर्व शुक्रवार देर शाम खूंटी शहर में मशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जुलूस के दौरान बंद को सफल बनाने की अपील की गई और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सोमा मुंडा हत्याकांड के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

झारखंड बंद के मद्देनजर खूंटी जिला प्रशासन ने जिला मुख्यालय समेत सभी प्रखंडों में कुल 42 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। एसडीओ कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार खूंटी सदर प्रखंड के हुटार, बिरहू, पिपराटोली, शिम्बुकेल, सेरेंगडीह, बस स्टैंड, ऊपर चौक, नीचे चौक, तमाड़ मोड़, बगडू चौक, कर्रा रोड, चुकरु मोड़ एवं चलांगी स्थित श्रद्ध कार्यक्रम स्थल पर दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। मुरहू प्रखंड में नील फैक्ट्री, कुंजला मोड़, डुडरी चौक, मुरहू बाजार, सोयको चौक और बिंदा चौक पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। वहीं कर्रा प्रखंड में कर्रा चौक, कसीरा, उडीकेल, कच्चाबारी, कर्रा रेलवे स्टेशन, रेलवे फाटक, गोविंदपुर, कैंची मोड़ और लोधमा में प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए हैं।

इसके अलावा तोरपा प्रखंड के तोरपा बाजार (कर्रा मोड़ के पास), हिल चौक, तपकरा बाजार टांड, कमड़ा मोड़, कुमांग मोड़ और दियांकेल, रनिया प्रखंड के ब्लॉक चौक तथा अड़की प्रखंड के अड़की चौक, सिंदरी चौक और सेरेंगहातु चौक पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। जिला नियंत्रण कक्ष में भी तीन दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।आदेश के अनुसार सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी शनिवार सुबह आठ बजे तक अपने-अपने स्थानों पर पहुंचकर जिम्मेदारी संभालेंगे। एसडीओ ने सभी अंचल अधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड में रहने और सिविल सर्जन को आवश्यक चिकित्सा टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।