रांची:
बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र और उत्तर प्रदेश से लौटे साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 10 सितंबर को रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 9 से 12 सितंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लगातार बादल छाए रहने, बारिश और तेज हवा के कारण रांची के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिनों तक राज्य में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

आज 13 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 9 सितंबर को रामगढ़, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में वज्रपात के साथ भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, रांची समेत राज्य के कई अन्य इलाकों में दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। 10 सितंबर को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह और धनबाद में तेज हवा के साथ वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। जबकि 11 सितंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में भारी बारिश का अनुमान है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
.jpeg)
ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन से बढ़ी बारिश की गतिविधियां
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मानसून ट्रफ मुजफ्फरनगर, बस्ती, डेहरी और दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। वहीं, मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब साइक्लोनिक सर्कुलेशन में बदल गया है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से झारखंड में अगले 3 से 4 दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ी रहने की संभावना है। राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान दिन और रात में मूसलाधार बारिश हुई। शहर के कई हिस्सों में करीब 60 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मंगलवार को भी रांची में कई स्थानों पर छिटपुट बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, रांची में अब तक सामान्य से 13 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है।
.jpeg)
वज्रपात की चपेट में छात्र घायल, सिमडेगा और रामगढ़ में दो मौतें
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे रांची के नामकुम इलाके में बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से 19 वर्षीय छात्र कुंदन कुमार घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने उसे नामकुम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। वहीं, सिमडेगा जिले के बांसजोर प्रखंड के कछुपानी गांव में वज्रपात की घटना में 45 वर्षीय सुनीता डुंगडुंग की मौत हो गई। इसके अलावा रामगढ़ जिले के बलसगरा कठरेहवा निवासी 50 वर्षीय नरेश महतो की भी ठनका गिरने से जान चली गई। बताया गया कि हादसे के समय नरेश महतो मवेशी चरा रहे थे। मौसम विभाग ने 12 सितंबर तक राज्य में बारिश, वज्रपात और तेज हवा की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है।