logo

कांग्रेस की नई कमेटी पर सियासी विवाद, मंत्री राधाकृष्ण के बेटे प्रशांत ने दिया सचिव पद से इस्तीफा

RADHA2.jpg

द फॉलोअप, रांची

झारखंड कांग्रेस की नई कमेटी के गठन के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के बेटे प्रशांत किशोर ने सचिव पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू को पत्र लिखकर अपना निर्णय बताया है। यह कदम ऐसे समय में आया है जब रविवार को ही नई कमेटी का विस्तार किया गया था। उन्होंने पत्र में कहा है कि वे झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव पद से इस्तीफा दे रहे हैं। अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि यह निर्णय उन्होंने हल्के में नहीं लिया, लेकिन प्राथमिकताओं में बदलाव के कारण वे इस भूमिका को आगे जारी नहीं रख सकते। साथ ही उन्होंने AICC के प्रति अवसर देने के लिए आभार भी जताया है।


नियुक्तियों और निष्कासन पर उठाए सवाल
इसी बीच वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने भी प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू को एक कड़ा पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने संगठन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी में दोहरे मापदंड अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने बड़कागांव क्षेत्र के नेता और पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव के निष्कासन पर सवाल उठाते हुए पूछा कि उनका क्या दोष था, जिन्हें तीन साल के लिए पार्टी से बाहर किया गया।


पार्टी फैसलों पर बढ़ी नाराजगी
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि रमा खलको, जिन्होंने पार्टी नेतृत्व और कांग्रेस पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी की थी, उन्हें चुनाव प्रबंधन समिति में शामिल किया गया है। इस विरोधाभास को लेकर संगठन के भीतर असंतोष बढ़ने की बात कही जा रही है। इसी असंतोष के बीच प्रशांत किशोर के इस्तीफे ने मामले को और गंभीर बना दिया है। नई कमेटी के गठन के बाद सामने आए इन घटनाक्रमों ने झारखंड कांग्रेस के भीतर मतभेद और गहराने के संकेत दिए हैं। संगठनात्मक फैसलों को लेकर नेताओं की नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है, जिससे आने वाले दिनों में राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ने की संभावना है।

 

Tags - jharkhand politics congress news radhakrishna kishor party controversy political resignation