logo

विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन, बाहर छात्र-अंदर विपक्ष JPSC मुद्दों पर सरकार को घेरेगा

vidhansabha_image_.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र का सोमवार को तीसरा दिन है। पांच कार्य दिवसों वाले इस छोटे सत्र में आज 8399 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी। वहीं, जेपीएससी-जेएसएससी के मुद्दे को लेकर सदन के साथ-साथ विधानसभा के बाहर भी हंगामे के आसार हैं। 16 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों ने सोमवार को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी मामले में आंदोलनरत छात्रों की मांगों पर सरकार को झुकने के लिए मजबूर करेंगे। उन्होंने कहा कि छात्र विधानसभा के बाहर घेराव करेंगे, जबकि भाजपा विधायक सदन के अंदर सरकार को घेरेंगे।

विपक्ष ने सदन में भी उठाया जेपीएससी-जेएसएससी का मुद्दा

मानसून सत्र के पहले दिन शुक्रवार को विपक्षी विधायकों ने जेपीएससी-जेएसएससी में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर सदन में जमकर नारेबाजी की थी। प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष वेल में पहुंच गया और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसके बाद सदन की कार्यवाही साढ़े 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने 8399 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। इससे पहले सदन के बाहर भी भाजपा विधायकों ने जेपीएससी-जेएसएससी मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। विपक्ष ने कहा कि आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगें उनकी भी मांगें हैं और आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक नहीं, बल्कि पेपर बेच रही है। इस दौरान हेमंत सोरेन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की गई।

 

Tags - Jharkhand Politics JPSC JSSC Assembly Monsoon Session BJP Protest Student Movement