द फॉलोअप डेस्क
जनता दल (यू) ने मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर दावा ठोक दिया है। जदयू ने भारतीय जनता पार्टी से आग्रह किया है कि एनडीए उम्मीदवार के नाते मानगो मेयर की सीट जनता दल (यू) के लिए छोड़ दी जाये, ताकि जदयू इस सीट पर एनडीए उम्मीद्वार के रूप में अपना प्रत्याशी दे सके। जनता दल (यू) के पास इसके लिए एक से अधिक सशक्त उम्मीदवार हैं।

रविवार को जनता दल (यूनाइटेड), जमशेदपुर महानगर के प्रमुख नेताओं ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के साथ उनके आवासीय कार्यालय पर भेंट की और बैठक कर यह प्रस्ताव उनके समक्ष रखा। सरयू राय के साथ हुई इस बैठक में यह मांग रखी गई कि मानगो नगर निगम की सीट जनता दल (यूनाइटेड) को दी जाये। साथ ही इस बात पर भी चर्चा हुई कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का एक ही उम्मीदवार मेयर पद के लिए हो जो संगठनात्मक आधार, सामाजिक आधार, जनसमर्थन एवं कार्यकर्ता बल के साथ एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतर सके और एनडीए की जीत सुनिश्चित हो।
.jpg)
विधायक सरयू राय ने जद (यू) नेताओं को बैठक में जानकारी दी कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस विषय को लेकर संपर्क किया है। इस बारे में भाजपा नेतृत्व से वार्ता चल रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू से इस विषय पर फिर से बातचीत होगी। श्री राय ने बैठक में कहा कि वह जद (यू) कार्यकर्ताओं के मन की बात उनके समक्ष रखेंगे और जदयू की इस मांग को मजबूती के साथ दोहरायेंगे। बैठक में उपस्थित नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि राजग गठबंधन जदयू की संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक सरोकार और जनाधार को ध्यान में रखते हुए न्यायोचित एवं सम्मानजनक निर्णय लेगा।
