द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित थीम पार्क के मुख्य गेट के पास इंटरमीडिएट के छात्र पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया है। पूरी घटना थीम पार्क से कुछ दूरी पर टेल्को क्वार्टर के पास लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। इस घटना के बाद घायल युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। जिसका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल में जारी है। जानकारी के अनुसार, टेल्को कॉलोनी के-2/14, रोड नंबर-18 निवासी छात्र आदर्श सिंह पर एक युवक ने चापड़ से ताबडतोड हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना मंगलवार रात करीब 8.30 बजे की है। घायल छात्र आदर्श ने हाल ही में प्राइवेट से इंटरमीडिएट की परीक्षा दी है। घटना का कारण एक युवती से दोस्ती का विवाद बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि घायल आदर्श को आयान ने फोन करके पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने थीम पार्क बुलाया था। इसपर आदर्श अपने दो दोस्तों जोजो और युवराज के साथ स्कूटी से वहां पहुंचा था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद दो से तीन की संख्या में युवकों में से एक युवक ने आदर्श पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।
.jpg)
इस दौरान चापड़ से पहले आदर्श के पीठ पर वार किया गया, फिर गर्दन और उसके बाद शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर लगातार कई हमले किये गये। जिससे आदर्श बुरी तरह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद भी उसपर चापड़ से हमला जारी रहा। इधर, क्वार्टर में रहने वाले लोगों ने जब शोर सुना, तो वे लोग हमलावरों को पकड़ने के लिए दौड़े। हालांकि, भीड़ को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गये। इसके बाद घटना की सूचना पर पहुंची टेल्को और गोविंदपुर पुलिस ने घायल को पहले टाटा मोटर्स अस्पताल और फिर टीएमएच पहुंचाया। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी महरूफ और उसके कुछ साथियों को हिरासत में लिया है, जबकि आयान और अन्य की तलाश जारी है। वहीं, घटना के बाद तनाव की स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। दूसरी ओर आदर्श के बयान पर टेल्को थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में पुलिस आदर्श के साथी जोजो और युवराज से भी पूछताछ कर रही है। इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक युवती का गोलमुरी निवासी आयान नामक युवक के साथ मेल-जोल था। आदर्श ने इसकी जानकारी युवती के पिता को दे दी थी। आशंका लगायी जा रही है कि आयान ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर जानलेवा हमले की साजिश रची। चर्चा है कि घटना के वक्त युवती भी मौजूद थी। दूसरी ओर आदर्श की स्थिति टीएमएच में चिंताजनक बनी हुई है। आदर्श के पिता संजय सिंह टाटा मोटर्स में ठेका कर्मी है और मां टेल्को के लिटिल एंजेल स्कूल में पियून है। गौरतलब हो कि टेल्को में चापडबाजी की चार दिनों में यह तीसरी घटना है। पुलिस किसी भी मामले में आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। 22 मार्च की रात टेल्को घड़ी पार्क के पास आयूष यादव पर चापड़ से हमला कर दिया। दूसरी घटना में 22 मार्च की रात खड़ंगाझार ज्योंतिनगर निवासी दीपक चौरसिया और अभय गुप्ता को अगवा कर 26 नंबर पार्क कै पास ले जाकर जानलेवा हमला किया गया था।