अभिषेक पीयूष
जमशेदपुर में गूगल मैप के सहारे अनजान जलाशय तक पहुंचकर नहाने पहुंचे पांच छात्रों में से 12वीं के 17 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई। हादसा गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित खरकई नदी के गंजिया बराज में बुधवार को हुआ। मृतक की पहचान धातकीडीह बी-ब्लॉक, लाइन नंबर-9 निवासी अताउल्लाह रहमान के पुत्र फहद रहमान के रूप में हुई है। फहद कदमा स्थित आंध्रा एसोसिएशन इंग्लिश स्कूल में 12वीं का छात्र था। फहद स्कूल जाने के लिए बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे घर से निकला था। लेकिन, वह स्कूल नहीं पहुंचा और अपने चार दोस्तों आसिफ, अमरान, हसद और हमबन के साथ एक बाइक और एक स्कूटी से पहले सीतारामपुर डैम गया। वहां पानी कम मिलने पर सभी गूगल मैप के जरिए गंजिया बराज पहुंचे।

तैराखी सीखने की कोशिश बनी जानलेवा
दोस्तों के मुताबिक, फहद तैराकी सीखना चाहता था और इसी कारण सभी बराज गये। वह अपने साथ स्कूल बैग में अलग से कपड़े भी लाया था। नदी किनारे मौजूद लोगों को देखकर उसे भरोसा था कि जरूरत पड़ने पर मदद मिल जायेगी। इसी सोच के साथ वह पानी में उतरा, लेकिन अचानक गहराई में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

चौका में भी डूबने से एक की मौत
घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोस्तों से पूछताछ के बाद परिजनों को जानकारी दी। फहद के पिता अताउल्लाह रहमान टेंपो चालक हैं। वह दो बहनों का इकलौता भाई था। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। इधर, चौका थाना क्षेत्र के पालगम गांव में भी नहाने के दौरान एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जगदीश महतो (35) के रूप में हुई है। वह मंगलवार दोपहर घर के पास स्थित नाले में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में जाने से डूब गया। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।