logo

जमशदेपुर में 3.5 लाख रुपये के ब्राउन शुगर के साथ 5 तस्कर पकड़े गए, अंतर्जिला नेटवर्क ध्वस्त

a1071.jpg

जमशेदपुर:

जमशेदपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाये जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 3.5 लाख रुपये मूल्य की 26.84 ग्राम ब्राउन शुगर (175 पुड़िया) के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीनियर एसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7 बजे सूचना मिली थी कि बर्मामाइंस के गांधीनगर बस्ती में संतोष सिंह नामक व्यक्ति कपाली बस्ती से ब्राउन शुगर की बड़ी खेप लाकर बेच रहा है।

सूचना के आधार पर सिटी एसपी के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गयी। टीम ने संतोष सिंह के घर पर छापा मारकर 124 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया। मौके से संतोष सिंह और उसकी दूसरी पत्नी आयशा खातून उर्फ बिल्लो को गिरफ्तार कर लिया गया।

ड्रग्स तस्करी के सप्लाई चेन पर की चोट
पुलिस ने पूछताछ के आधार पर आगे कार्रवाई करते हुए गोविंदपुर क्षेत्र से गौरव कुमार उर्फ अमर और अमित कुमार को 39 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दबोचा। वहीं, मानगो के बैकुंठ नगर से मुख्य पैडलर संजय गोस्वामी उर्फ संजय बंगाली को 12 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में कौन-कौन शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में सिद्धू कान्हू बस्ती निवासी संतोष सिंह, बर्मामाइंस गांधी बस्ती की आयशा खातून उर्फ बिल्लो, गोविंदपुर जनता मार्केट निवासी अमित कुमार, छोटा गोविंदपुर निवासी गौरव कुमार और मानगो बैकुंठ नगर निवासी संजय गोस्वामी उर्फ संजय बंगाली शामिल हैं। 

कपाली कनेक्शन और पुराना इतिहास
एसएसपी ने बताया कि इससे पहले सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र से करीब 16.50 लाख रुपये की ब्राउन शुगर बरामद की गई थी। पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार सभी आरोपी उसी सिंडिकेट से जुड़े हुए हैं। इनमें से कई आरोपी पूर्व में भी नशा कारोबार से जुड़े मामलों में जेल जा चुके हैं।

अंतरजिला नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह अंतरजिला स्तर पर संगठित होकर बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर का कारोबार चला रहा था। इस कार्रवाई से जमशेदपुर के कई थाना क्षेत्रों में सक्रिय नशा नेटवर्क को एक बड़ा झटका लगा है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई जारी रहेगी।

Tags - Jharkhand NewsJamshedpur PoliceDrugs SyndicateDrug Smuggling Crime News