logo

जमशेदपुर के पटमदा में मनोहर मांझी हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी शंभू सिंह गिरफ्तार

जमशेदपुर के पटमदा में मनोहर मांझी हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी शंभू सिंह गिरफ्तार

जमशेदपुर:
पटमदा में मनोहर मांझी हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी से छेड़खानी से नाराज शंभू सिंह ने मनोहर मांझी की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी शंभू सिंह को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सना बोल्डर भी बरामद किया गया है।

कलवर्ट पुल के नीचे मिला था मनोहर का शव
पटमदा थाना क्षेत्र के सारी और बूढ़ीगोड़ा गांव के बीच कलवर्ट पुल के नीचे रविवार सुबह मनोहर मांझी (38) का शव मिला था। मृतक के पिता लम्बोदर मांझी के बयान पर पुलिस ने 13 सितंबर को हत्या का मामला दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गयी थी।

पत्नी ने शोर मचाकर बताई पूरी घटना
पुलिस पूछताछ में शंभू सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात मनोहर मांझी उसके घर पर शराब पीने आया था। शंभू की पत्नी ने उसे शराब परोसी। आरोप है कि शराब पीने के बाद मनोहर ने उसकी पत्नी को पीछे से पकड़ लिया। उस समय शंभू अपने दो बच्चों के साथ घर में सो रहा था। पत्नी के शोर मचाने पर उसकी नींद खुली। पत्नी ने उसे पूरी घटना बतायी, जिसके बाद मनोहर अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला।

चबूतरे पर सोता मिला मनोहर, बोल्डर से किया हमला
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद शंभू अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर में सो गया। रविवार अहले सुबह उसने शराब पी और मनोहर की तलाश में निकल पड़ा। कुछ दूर जाने पर उसे मनोहर कलवर्ट पुल के ऊपर बने चबूतरे पर सोता मिला। शंभू ने पहले उसे लात मारकर नाले में गिरा दिया। इसके बाद बोल्डर से उसके सिर पर कई वार किये। गंभीर चोट लगने से मनोहर की मौके पर ही मौत हो गयी। हत्या के बाद शंभू वहां से अपने घर लौट गया।

आरोपी की निशानदेही पर खून से सना बोल्डर बरामद
डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी शंभू सिंह को सारी गांव से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर खून से सना बोल्डर भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी के साथ हुई कथित छेड़खानी का बदला लेने के लिए शंभू ने मनोहर की हत्या की थी।

Tags - Jamshedpur News Patmada Murder Manohar Manjhi Shambhu Singh Jharkhand Crime