logo

CM हेमंत सोरेन, बाबूलाल समेत इन लोगों ने मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी के निधन पर जताया शोक

CM हेमंत सोरेन, बाबूलाल समेत इन लोगों ने मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी के निधन पर जताया शोक

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के पास एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत अन्य लोगों के निधन की खबर से शोक की लहर है। हादसे की जानकारी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा कि मंत्री एवं बहन दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह और अन्य शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और मरांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। 


बाबूलाल मरांडी ने भी जताई संवेदना
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि झारखंड सरकार में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी के जमशेदपुर के निकट सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना से वह मर्माहत थे और उन्होंने ईश्वर से बच्ची के स्वस्थ होने की कामना की थी। बाद में सड़क दुर्घटना में घायल बच्ची के असामयिक निधन की हृदयविदारक सूचना मिलने पर उन्होंने गहरा दुख जताया। बाबूलाल मरांडी ने शोकाकुल परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य लोगों के असामयिक निधन की खबर ने मन को गहरे दुख से भर दिया है। उन्होंने कहा कि अपनी संतान को खोने की पीड़ा को शब्दों में व्यक्त कर पाना संभव नहीं है और दीपिका पांडेय सिंह समेत सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। 

 


कुणाल षाड़ंगी ने तस्वीरें साझा नहीं करने की अपील की
पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने भी हादसे पर दुख जताया और दीपिका पांडेय सिंह के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जिंदगी कभी-कभी कितनी अनिश्चित और निर्दयी हो सकती है। उन्होंने ईश्वर से दीपिका पांडेय सिंह को इस दुख को सहने की हिम्मत देने और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि हादसे से जुड़ी कोई भी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा न करें। कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में परिवार की निजता और मानसिक स्थिति का सम्मान किया जाना चाहिए।

Tags - Jamshedpur Road Accident Deepika Pandey Singh Hemant Soren Jharkhand