logo

जमशेदपुर में पिस्तौल की बट से युवक पर हमला, सोने की चेन भी छीना

जमशेदपुर में पिस्तौल की बट से युवक पर हमला, सोने की चेन भी छीना

जमशेदपुर
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में एक युवक पर हमला कर लूटपाट का मामला सामने आया है। सोनारी ऑटो स्टैंड के पास हुई इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान साकची निवासी कुणाल कुमार के रूप में हुई है। पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कुणाल कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने कुछ दोस्तों के साथ सोनारी ऑटो स्टैंड के पास स्थित एक दुकान पर चाय पी रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे दो युवकों ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला बढ़ गया और मारपीट होने लगी।


चापड़ लेकर धमकाया
आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक ने पिस्तौल की बट से कुणाल के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरे आरोपी ने हाथ में चापड़ लेकर उसे धमकाया भी। हमले के दौरान मौके पर मौजूद लोग दूर हट गये।


सीसीटीवी फुटेज खंगाला
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली गयी। किसी तरह वह वहां से निकलकर पुलिस तक पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी दी। घटना के बाद कदमा थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Tags - Jamshedpur Kadma Crime Gold Chain Snatching Police