द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के साकची स्थित स्ट्रेट माइल रोड इलाके में नवनिर्मित जिला स्तरीय ‘दिशोम गुरु मेमोरियल लाइब्रेरी’ का बुधवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह और उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी समेत कई प्रशासनिक व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि यह लाइब्रेरी शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बड़ी मदद देगी। वहीं विधायक पूर्णिमा साहू ने इसे जमशेदपुर के लिए एक नये शैक्षणिक केंद्र के रूप में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यहां गरीब और ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री मुफ्त उपलब्ध होगी। पूर्व विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह ने जिला प्रशासन की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इसके बेहतर संचालन के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है।
.jpeg)
इस दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि फिलहाल लाइब्रेरी में 8 हजार पुस्तकों की व्यवस्था की गई है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 30 हजार तक किया जायेगा। यहां इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, विज्ञान, सामान्य ज्ञान और प्रसिद्ध लेखकों की पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी, पुस्तक दुकान, बहु उद्देश्यीय हॉल, कॉफी शॉप और एटीएम जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी के संचालन के लिए पांच अधिकारियों की टीम गठित की गई है, जो इसकी गतिविधियों की निगरानी करेगी। साथ ही पाठकों के सुझावों के आधार पर सुविधाओं में लगातार विस्तार किया जायेगा।

बता दें कि करीब 22,500 वर्ग फीट क्षेत्र में निर्मित इस बहुमंजिला आधुनिक पुस्तकालय को शहरवासियों और खासकर विद्यार्थियों के लिए एक समर्पित अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। भवन में दो लिफ्ट, दो सीढ़ियां और अग्निशमन की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रथम तल पर लाइब्रेरी, रीडिंग रूम, दुकानें और शौचालय की सुविधा है, जबकि द्वितीय और तृतीय तल पर जिला विज्ञान केंद्र सह डिजिटल लाइब्रेरी और अध्ययन कक्ष बनाए गए हैं। चौथे तल पर व्यावसायिक उपयोग के लिए वातानुकूलित सभागार की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार सहित बड़ी संख्या में पुस्तक प्रेमी और शहरवासी उपस्थित थे।