logo

जमशेदपुर में गैस कनेक्शन के दौरान पाइपलाइन में रिसाव से लगी आग, 2 कर्मी झुलसे

जमशेदपुर में गैस कनेक्शन के दौरान पाइपलाइन में रिसाव से लगी आग, 2 कर्मी झुलसे

जमशेदपुर:

जमशेदपुर के कदमा स्थित वर्कर्स फ्लैट में बुधवार को गैस कनेक्शन लगाने के दौरान अचानक आग लग गयी। पाइपलाइन में बची गैस के रिसाव के बीच दीवार में ड्रिल करने के दौरान निकली चिंगारी ने आग पकड़ ली। हादसे में कनेक्शन लगाने का काम कर रहे दो कर्मी आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गये। दोनों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की पहचान कपाली निवासी गुलाम कादरी और सत्तार अंसारी के रूप में हुई है। घायल सत्तार अंसारी ने बताया कि दोनों वर्कर्स फ्लैट के एक घर में गैस कनेक्शन लगाने का काम कर रहे थे।

ड्रिल करने के दौरान घर्षण से चिंगारी निकली

इसी दौरान गुलाम दीवार में ड्रिल कर रहा था। ड्रिल करने के दौरान घर्षण से चिंगारी निकली, जो पाइपलाइन में पहले से बची गैस के संपर्क में आते ही आग की लपटों में बदल गयी। अचानक लगी आग की चपेट में दोनों कर्मी आ गये और बुरी झुलस गये। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने दोनों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चिकित्सकों की देखरेख में चल रहा है। मामले में अबतक गैस कनेक्शन का पाइपलाइन लगाने वाली कंपनी के आधिकारी सामने नहीं आये हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Tags - Gas Connection Two Workers Injured Fire Incident Jamshedpur police