द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के हावड़ा ब्रिज स्थित भारत पेट्रोलियम के पंप पर सीएनजी रिफिलिंग के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक पंप कर्मी की मौत हो गयी। मृतक की पहचान सोनारी निवासी तुषार खामरी के रूप में हुई है। हादसा उस वक्त हुआ, जब एक कार में सीएनजी भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक तेज दबाव के कारण पाइप फट गया और उसका नोजल उछलकर पास खड़े तुषार के सिर में जा लगा। जानकारी के अनुसार, तुषार और उसका बड़ा भाई दोनों इसी पेट्रोल पंप पर काम करते थे। घटना के समय बड़े भाई की ड्यूटी खत्म हो चुकी थी, जबकि तुषार की शिफ्ट शुरू हुई थी। बताया जा रहा है कि उक्त कार में करीब 800 रुपये की सीएनजी भरी जा चुकी थी। इसी दौरान सीएनजी के अधिक दबाव के कारण पाइप में विस्फोट हो गया।

परिवार में मातम
तुषार के भाई के अनुसार, सीएनजी काफी तेजी से और अधिक प्रेशर में भरी जा रही थी। अचानक जोरदार आवाज के साथ पाइप फट गया और पाइप से जुड़ा नोजल छिटककर तुषार के सिर में जा लगा। गंभीर रूप से घायल तुषार को तत्काल पंप कर्मियों और परिजनों की मदद से TMH ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गयी थी। वहीं, तुषार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और दोस्तों में मातम छा गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद सीएनजी रिफिलिंग के दौरान सुरक्षा मानकों और उपकरणों की स्थिति को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं।
