logo

जमशेदपुर में चेन छिनतई का खुलासा, आपराधिक रिकॉर्ड वाले दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

जमशेदपुर में चेन छिनतई का खुलासा, आपराधिक रिकॉर्ड वाले दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

जमशेदपुर 
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित जुबली पार्क के समीप महिला से हुई चेन छिनतई की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से छीनी गयी सिटी गोल्ड की चेन और वारदात में इस्तेमाल हुई बाइक बरामद की गयी है। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 31 जुलाई की रात रौनक फास्ट फूड के सामने सूरज दास की पत्नी चंदना दास से बाइक सवार अपराधियों ने चेन छीन ली थी। घटना के बाद साकची थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने राहुल गोप उर्फ बल्ले और आमिर सरफराज को गिरफ्तार किया।

दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने राहुल गोप के पास से छीनी गयी सिटी गोल्ड का चेन बरामद किया, जबकि आमिर सरफराज के घर से घटना में इस्तेमाल की गयी काले रंग की बाइक जब्त की है। गिरफ्तार राहुल गोप सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा गौड़ बस्ती का रहने वाला है, जबकि आमिर सरफराज भालूबासा मुस्लिम बस्ती निवासी है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। राहुल गोप के खिलाफ सीतारामडेरा, गोलमुरी, आजादनगर और एमजीएम थाना में लूट, रंगदारी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे मामले दर्ज हैं। वहीं आमिर सरफराज के खिलाफ साकची और सोनारी थाना में लूट से जुड़े मामले पहले से दर्ज हैं।

Tags - Jamshedpur Police Chain SnatchingSnatchers Arrested