जमशेदपुर
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित नीतिबाग कॉलोनी में सोमवार को उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब चेन स्नैचिंग के आरोपी अभिषेक कुमार को पकड़ने पहुंची पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए एक छत से दूसरे छत पर छलांग लगाकर भागने की कोशिश की और करीब आधा दर्जन घरों की छतें पार कर लीं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पकड़े जाने के डर से छत पर चढ़कर आत्महत्या की भी धमकी दी और कूदने की बात कही। इसी दौरान भागते हुए वह दो दीवारों के बीच फंस गया, जिसके बाद पुलिस ने काफी प्रयास कर उसे बाहर निकाला और गिरफ्तार कर अपने साथ ले गयी। इस दौरान उसे हल्की चोटें भी आयी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी काबू में
बताया गया कि रविवार रात अभिषेक कुमार ने भुइयांडीह चौक के पास नीतिबाग कॉलोनी निवासी रंभा देवी से चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उसकी पहचान की। आरोपी पर पहले से ही मारपीट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह वारंटी भी है। इस कार्रवाई में सीतारामडेरा के साथ सिदगोड़ा और गोविंदपुर थाना की पुलिस भी शामिल रही। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को काबू में किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को हाई-प्रोफाइल बताकर बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अंततः उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी से स्थानीय लोग भी हैरान रह गये।
.jpg)