जमशेदपुर:
बेटे की मौत के मामले में न्याय की गुहार लगाते-लगाते परेशान सोनारी निवासी एक महिला ने रविवार शाम जमशेदपुर के उपायुक्त एवं एसएसपी कार्यालय के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया। महिला हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंची थी और खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश कर रही थी। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड और आसपास के लोगों की तत्परता से महिला को समय रहते रोक लिया गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।

सात साल से था प्रेम संबंध, प्रताड़ना का परिजनों ने लगाया आरोप
बताया जाता है कि पीड़ित महिला मोनी कुमारी का बेटा जय यादव ने 26 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों के अनुसार, जय का सोनारी निवासी एक युवती से पिछले सात-आठ वर्षों से प्रेम संबंध था। परिजनों का आरोप है कि किसी बात को लेकर विवाद और मानसिक प्रताड़ना के चलते जय ने आत्महत्या की। उनका दावा है कि जय ने युवती को 20 हजार रुपये भी दिये थे। घटना के दिन भी युवती की ओर से जय के मोबाइल पर लगातार कॉल आ रहे थे। परिजनों के पास इन कॉल की रिकॉर्डिंग भी होने का दावा किया गया है।
.jpeg)
केस आईओ पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
मृतक की परिजनों ने सोनारी थाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद भी मामले के आईओ सुधीर कुमार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका आरोप है कि उन्हें पूछताछ के नाम पर थाने में तीन-तीन घंटे तक बैठाया जाता है, जबकि आरोपी युवती को अब तक एक बार भी पूछताछ के लिए नहीं बुलाया गया। परिजनों का कहना है कि मामले को लेकर वे कई बार पुलिस अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला। लगातार निराशा मिलने के बाद महिला ने रविवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी बात रखने की कोशिश की। इसी दौरान उसने आत्मदाह का प्रयास किया।
.jpeg)
गार्ड और युवक की तत्परता से टला बड़ा हादसा
हालांकि, मौके पर मौजूद एटीएम के सुरक्षा गार्ड और एक युवक ने महिला को ऐसा करते देख तत्काल उसे पकड़ लिया और उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली। समय रहते महिला को रोक लिए जाने से बड़ी घटना टल गयी। परिजनों ने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपी युवती की अविलंब गिरफ्तारी और पुलिस की भूमिका की जांच की मांग की है। परिजनों का यह भी कहना है कि महिला पहले भी छत से कूदकर आत्महत्या का प्रयास कर चुकी है। इधर, सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे का कहना है कि मामले की जांच जारी है। युवती से भी पूछताछ हुई है।