द फॉलोअप डेस्क
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं कल से शुरू होंगी। परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचार-मुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्य के सभी जिलों में परीक्षा केंद्र निर्धारित कर दिए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल तथा उड़नदस्ता टीम की तैनाती की गई है। कदाचार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर धारा 144 लागू की गई है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

जैक ने परीक्षार्थियों को निर्देश दिया है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचें। प्रवेश पत्र के बिना किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे शांत मन से परीक्षा दें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही अभिभावकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
