द फॉलोअप डेस्क:
शुक्रवार की देर रात को कथित तौर पर जैक बोर्ड द्वारा मैट्रिक बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट वेबसाइट पर जारी करके हटा लिया गया। रिजल्ट की कथित तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल भी हैं। छात्रों में कन्फ्यूजन की स्थिति है। अब झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने जानकारी दी है कि सोशल मीडिया पर कुछ शरारती तत्वों ने मैट्रिक बोर्ड परीक्षा-2026 के रिजल्ट से संबंधित भ्रामक खबरें और फर्जी तस्वीरें प्रसारित की हैं। जैक ने स्पष्ट किया है कि माध्यमिक परीक्षाफल तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। रिजल्ट घोषित नहीं किया गया है।

जैक बोर्ड की माता-पिता से है यह अपील
जैक बोर्ड ने विद्यार्थियों और उनके माता-पिता से अपील की है कि वे भ्रामक सूचनाओं और फर्जी खबरों पर ध्यान ना दें। बताया गया कि रिजल्ट जारी होने की जानकारी बोर्ड की ओर से समाचार पत्रों और आधिकारिक वेबसाइट पर दी जायेगी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने कहा कि रिजल्ट समेत किसी भी अन्य जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट को देखें।
शुक्रवार को प्रसारित हुई थीं खबरें
गौरतलब है कि झारखंड में 11वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम ही अभी जारी किया गया है। मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा का परिणाम अभी नहीं आया है। शुक्रवार की देर रात को सोशल मीडिया में ऐसी सूचना प्रसारित हुई कि जैक बोर्ड ने मैट्रिक बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी करके उससे वेबसाइट से हटा लिया है। अब बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि रिजल्ट प्रकाशित नहीं किया गया था।