द फॉलोअप डेस्क
दिल्ली से रांची पहुंचे यात्रियों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई, जब उन्हें जानकारी मिली कि उनका सामान दिल्ली एयरपोर्ट पर ही छूट गया है। इंडिगो की फ्लाइट से रांची पहुंचे कई यात्रियों के बैग नहीं आए, जिसके बाद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हंगामा शुरू हो गया। यात्रियों ने बताया कि किसी का चार बैग में से तीन नहीं पहुंचे, तो किसी के तीन में से सिर्फ दो ही मिले। कई लोग महत्वपूर्ण सामान न मिलने की वजह से आक्रोशित दिखे। कुछ यात्रियों ने कहा कि उनके घर की चाबियाँ भी बैग में थीं, जिससे वे अपने घर के अंदर भी नहीं जा पा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, फ्लाइट के भीतर लगेज बेल्ट में खराबी आने के कारण कई बैग विमान में लोड ही नहीं हो सके और दिल्ली में ही रह गए। इस पूरे मामले पर एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से 24 घंटे का समय मांगा है और आश्वस्त किया है कि सभी बैग जल्द रांची पहुंचा दिए जाएंगे। यात्रियों ने इंडिगो एयरलाइन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इतनी बड़ी तकनीकी गड़बड़ी के बावजूद उन्हें समय पर जानकारी नहीं दी गई। फिलहाल एयरपोर्ट प्रबंधन शिकायतें दर्ज कर यात्रियों को सामान जल्द उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में जुटा है।