logo

सीएम हेमंत सोरेन से मिले राष्ट्रपति कलाम के सहयोगी रह चुके और कैंसर उपाचर की मशीन बनानेवाले वैज्ञानिक GBK सुब्रमण्यम 

CM011011.jpg

रांची 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.बी.के. सुब्रमण्यम ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपनी स्वनिर्मित अत्याधुनिक कैंसर उपचार मशीन की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी। बता दें कि वे राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के सहयोगी रह चुके हैं। 
सुब्रमण्यम ने बताया कि यह मशीन पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से विकसित की गई है और देश-विदेश के बड़े अस्पतालों में इसका उपयोग हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि यह मशीन कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज में काफी कारगर साबित हो रही है।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए वैज्ञानिक की सराहना करते हुए कहा कि कैंसर रोगियों के लिए यह मशीन किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है, ताकि मरीजों को अपने ही राज्य में आधुनिक और प्रभावी इलाज की सुविधा मिल सके।


हेमंत सोरेन ने कहा कि अस्पतालों में जांच और उपचार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कैंसर मरीजों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है, ऐसे में राज्य सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि मरीजों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े। सरकार इस दिशा में सभी आवश्यक कदम उठाने को तैयार है। मौके पर विधायक राजेश कच्छप भी मौजूद थे। 
गौरतलब है कि जी.बी.के. सुब्रमण्यम पनाशिया लिमिटेड, बेंगलुरु के प्रबंध निदेशक हैं और भारत के पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के सहयोगी रह चुके हैं। उनके साथ मिलकर उन्होंने कई शोध एवं अनुसंधान कार्य किए थे। उनके द्वारा विकसित कैंसर उपचार मशीन आज भारत समेत कई देशों के प्रमुख अस्पतालों में उपयोग की जा रही है।

 

Tags - Indigenous Medical Technology Cancer Care India Panacea Limited Bengaluru APJ Abdul Kalam Associate Advanced Treatment Facility