खूंटी:
खूंटी में नाबालिग लड़का और लड़की की टांगी से काटकर हत्या कर दी गई। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब दोनों छऊ नृत्य कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। घटना सोयको थानाक्षेत्र अंतर्गत मॉडल विलेज जिवरी की है। मृतकों की पहचान बिसु पाहन और सुमी मंडू के रूप में हुई है। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने उनका शव मरांग-बुरू पहाड़ की तलहटी में फेंक दिया। पुलिस ने सोमवार को नाबालिग लड़का-लड़की का शव बरामद करके पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।

खेतों में ले जाकर टांगी से काट डाला
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक रविवार रात को सोयको में छऊ नृत्य का कार्यक्रम था। बिसु पाहन और सुमी मुंडू कार्यक्रम देखने गए थे। रात में ही बिसु का अपराधिक प्रवृत्ति के कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया। बताया जाता है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने दोनों को पकड़ लिया और कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर खेतों में ले जाकर टांगी से काट डाला। हमले में घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम कराया
पुलिस ने शवों का पंचनामा करके पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों को वारदात की जानकारी दी गई है। पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में जुटी है। टेक्निकल और मानवीय स्त्रोतों का इस्तेमाल करके आरोपियों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।