जमशदेपुर:
झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक की आशंका को लेकर भाजपा उबाल पर है। रविवार को जमशेदपुर महानगर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह के नेतृत्व में साकची बड़ा गोलचक्कर पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला लेकर साकची गोलचक्कर तक के रास्ते में सरकार विरोधी नारेबाजी कर पुतला दहन किया।

प्रतियोगी परीक्षा की पारदर्शिता संदिग्ध
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह ने झामुमो-कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की घोर लापरवाही के कारण भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पूरी तरह संदिग्ध हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाएं मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी उत्पाद सिपाही भर्ती की शारीरिक परीक्षा के दौरान हेमंत सरकार की कुव्यवस्था और कुप्रबंधन के कारण 20 से अधिक अभ्यर्थियों की मौत हो चुकी है। आज राज्य का युवा हेमंत सोरेन के अक्षम और तानाशाही नेतृत्व में खुद को ठगा और निराश महसूस कर रहा है।
उत्पाद सिपाही परीक्षा की जांच की मांग
बबुआ सिंह ने तमाड़ के परीक्षा केंद्र का जिक्र करते हुए कहा कि वहां पेपर लीक गिरोह के संदेह में 164 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जो इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पूरे मामले में संगठित साजिश के तहत परीक्षा प्रणाली को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर इस मुद्दे पर गहरा आक्रोश जताया और सरकार से जवाब मांगा और मांग किया कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

जेएसएससी ने पेपर लीक की बात से इनकार किया
गौरतलब है कि इस बीच जेएसएससी और रांची पुलिस ने संयुक्त प्रेस वार्ता के माध्यम से यह बताया है कि उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक नहीं हुआ है। जेएसएससी अध्यक्ष ने बताया कि पेपर लीक के नाम पर अभ्यर्थियों से 15-15 लाख रुपये की डील की गई थी। उनको झांसा देकर कथित तौर पर पेपर लीक कराने का भरोसा दिया गया था। तमाड़ के एक निर्माणाधीन बिल्डिंग से 159 अभ्यर्थी और 5 बिचौलियों को हिरासत में लिया गया है।