logo

गोड्डा में जज की पत्नी को अपराधियों ने मारी गोली, गवाही देकर कोर्ट से निकल रही थीं

joj1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के समस्तीपुर में पदस्थापित न्यायिक दंडाधिकारी संतोष कुमार साह की पत्नी वंदना साह (35) को शनिवार देर शाम गोली मार दी गई। इस सनसनीखेज घटना में न्यायिक दंडाधिकारी के भाई गुड्डू साह और प्रमोद कुमार साह पर फायरिंग का आरोप लगाया गया है। दोनों हमलावर बाइक पर सवार थे और सामने से वंदना साह पर गोलियां चलाईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वंदना साह गोड्डा कोर्ट में एक मामले की गवाही देने के बाद अपने मायके, हनवारा थाना क्षेत्र के परसा गांव लौट रही थीं। उनके साथ उनके भाई बालकृष्ण साह भी बाइक पर मौजूद थे। इसी दौरान पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम फ्लाईओवर के पास हमलावरों ने उन पर दो राउंड फायरिंग की। एक गोली उनकी ठुड्डी में लगी, जबकि दूसरी गोली पीठ में फंस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।


घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से वंदना साह को पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोड्डा सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने एक गोली निकाल ली, लेकिन दूसरी गोली पीठ में फंसी होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें मायागंज अस्पताल, भागलपुर भेज दिया गया।
वंदना साह के भाई बालकृष्ण साह ने बताया कि वर्ष 2019 में उनकी बहन की शादी कहलगांव निवासी संतोष कुमार साह से हुई थी। शादी के बाद संतोष कुमार साह की नियुक्ति न्यायिक दंडाधिकारी के पद पर हो गई। इसके बाद से ही दहेज को लेकर वंदना को प्रताड़ित किया जाने लगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान उनकी बहन की हत्या का प्रयास किया गया था। पति से विवाद के चलते मामला गोड्डा कोर्ट में विचाराधीन है।


पुलिस को दिए बयान में वंदना साह ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया कि उनके पति के भाई ने सामने से गोली चलाई। उन्होंने बताया कि पति से चल रहे विवाद के कारण वह न्यायालय में केस लड़ रही हैं और गवाही देकर लौटते समय यह हमला किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के समय हमलावरों के साथ दो अन्य अपराधी भी मौजूद थे।
घटना की सूचना मिलते ही गोड्डा और पथरगामा थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने वंदना साह का बयान दर्ज किया। इस दौरान नगर थाना प्रभारी दिनेश महली, पथरगामा थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह, मोतिया ओपी प्रभारी मुकेश रावत सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।