logo

गढ़वा में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को कुचला, एक की मौत, ग्रामीणों ने सड़क किया जाम

gft.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के अंबाखोरिया पंचायत अंतर्गत बरसोती गांव में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कनहर नदी के प्रतिबंधित घाट से अवैध बालू लेकर जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया। इस घटना में भंडार गांव निवासी विजय लोहरा (पिता- सेवक लोहरा) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार कृष्णा कोरवा गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर को एक नाबालिग चालक चला रहा था, जो बेहद तेज गति में था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विजय लोहरा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायल कृष्णा कोरवा को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। गुस्साए लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया और धुरकी-नगर उंटारी मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क पर करीब आधा दर्जन अवैध बालू लदे ट्रैक्टर और एक टीपर को रोक लिया और उनके टायरों की हवा निकाल दी।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से रात के अंधेरे में अवैध बालू का काला खेल चल रहा है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि बालू की आवश्यकता है तो इसे दिन में वैध तरीके से क्यों नहीं ढोया जाता। रात में तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के कारण स्थानीय लोगों और बच्चों का घर से निकलना भी खतरे भरा हो गया है। घटनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी ने शव को गुरुवार सुबह 7 बजे कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।

Tags - Illegal sand truck accident India Minor driving tractor accident India Illegal sand mining road accident Gadhwa traffic protest accident Jharkhand news road fatalities Local residents block road Gadhwa Illegal sand transportation hazards Road accid