logo

जिस महिला के फोन से बॉयफ्रेंड से बात करती थी, उसने नाबालिग को 3 दिन तक बनाया बंधक; जानें क्यों

जिस महिला के फोन से बॉयफ्रेंड से बात करती थी, उसने नाबालिग को 3 दिन तक बनाया बंधक; जानें क्यों

चतरा:

Jharkhand Cyber Fraud News: चतरा जिले (Chatra District) के वशिष्ठ नगर जोरी थानाक्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची को 3 दिनों तक घर में बंधक बनाकर रखने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग बच्ची अचानक लापता हो गई थी, जिससे उसके परिजनों की चिंता बढ़ गई थी। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच, बच्ची किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर अपने घर वापस लौट आई और परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई। बच्ची ने बताया कि सुनीता देवी और विकास ठाकुर ने उसे 3 दिनों तक अपने घर में बंधक बनाकर रखा था। जब इस बात की भनक ग्रामीणों को लगी तो उनका गुस्सा फूट पड़ा।

ग्रामीणों ने आरोपियों को पेड़ से बांधकर पीटा
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी महिला सुनीता देवी और पुरुष विकास ठाकुर को पकड़ लिया तथा उन्हें रस्सी से पेड़ से बांधकर उनकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए ग्रामीणों के चंगुल से दोनों आरोपियों को मुक्त कराया तथा अपने साथ थाने ले आए। 

आरोपी महिला के मोबाइल से बात करती थी पीड़िता
पुलिस की पूछताछ में इस पूरे मामले का एक नया और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी महिला के मोबाइल का इस्तेमाल कर नाबालिग बच्ची किसी अज्ञात युवक से बात करती थी। जांच में पता चला है कि वह युवक साइबर फ्रॉड से जुड़ा हुआ था। वह तरह-तरह के बहानों से नाबालिग बच्ची को अपने जाल में फंसाकर लगातार पैसे ठग रहा था। बच्ची ने आरोपी महिला से करीब 60 हजार रुपये लेकर उस ठग को दिए थे। जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे और बच्ची पैसे नहीं लौटा सकी, तो इसी विवाद के चलते महिला ने उसे अपने घर में कैद कर लिया था।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला और पुरुष को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि नियमानुसार नाबालिग बच्ची की मेडिकल जांच कराई जाएगी और इस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Tags - Jharkhand NewsChatra NewsCyber FraudMinor KidnappingCrime News