logo

फंड ट्रांसफर को लेकर रांची DC की अहम बैठक, बैंक खातों का बहुस्तरीय सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश

RDC0013.jpg

रांची 
रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज कोषागार से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। बैठक में कोषागार कार्यों की पारदर्शिता, भुगतान प्रक्रिया की शुद्धता एवं वित्तीय अनुशासन को लेकर विस्तार से समीक्षा की गयी। बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए-सह-प्रभारी उपविकास आयुक्त, रांची  संजय भगत, निदेशक डीआरडीए  सुदर्शन मुर्मू, जिला कोषागार पदाधिकारी मती सारिका भगत, जिला पंचायती राज पदाधिकारी  राजेश कुमार साहू, सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी  राजेश कुमार मिश्रा सहित अन्य कोषागार पदाधिकारी उपस्थित थे।

अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया

बैठक के दौरान भजन्त्री द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में बिना अकाउंट डिटेल का पूर्ण सत्यापन किये भुगतान नहीं किया जाए। सभी विभाग भुगतान प्रक्रिया के दौरान लाभुकों एवं संबंधित खातों की जानकारी का बहुस्तरीय सत्यापन सुनिश्चित करें। भजन्त्री ने कहा कि सरकारी राशि उपयोग में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फंड ट्रांसफर के प्रत्येक चरण में निर्धारित प्रक्रियाओं का कड़ाई से अनुपालन करें तथा भुगतान से पूर्व सभी आवश्यक दस्तावेजों एवं बैंक विवरणों का मिलान अनिवार्य रूप से करें।

दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई

बैठक में कोषागार प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं जवाबदेह बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गयी। भजन्त्री ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, आंतरिक जांच व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया। अधिकारी ने चेतावनी देते कहा कि सरकारी धन के दुरुपयोग के मामलों में जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Tags - Ranchi DC fund transfer instructions multi-level verification bank accounts