द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिला के कोलेबिरा थाना क्षेत्र के शाहपुर पंचायत में भारी मात्रा में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, शाहपुर पंचायत के जंगल से सटे जितिया टोली नामक इलाके में असामाजिक तत्वों द्वारा अफीम की खेती की जा रही थी। गांव के पास सफेद और गुलाबी फूलों से लहलहाती फसल देखकर स्थानीय लोग चौंक गए। फूलों की रंगत देखकर लोगों को समझ में आया कि यह नशीली फसल अफीम की है। इस अवैध खेती का मामला सीधे एसपी सिमडेगा के पास पहुंचा। एसपी सिमडेगा ने कोलेबिरा थाना प्रभारी को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। स्थानीय प्रशासन अब इस मामले की पूरी जांच कर रहे हैं और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
