logo

“4 तारीख को मार दूंगा” धनबाद में डॉक्टर को धमकी, ICU के बाहर मिला खौफनाक लेटर

सगपगी.jpg

द फॉलोअप डेस्क

धनबाद के नावाडीह इलाके में स्थित बिरसा मुंडा पार्क के पास महाकेश्वर कॉम्पलेक्स में संचालित किडनी केयर क्लिनिक के संचालक डॉ. मिहिर कुमार को पत्र के माध्यम से जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। धमकी भरा यह पत्र क्लिनिक के आईसीयू के बाहर चिपका मिला, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। यह घटना 9 फरवरी की रात की बताई जा रही है। डॉ. मिहिर कुमार ने पुलिस को बताया कि क्लिनिक के कर्मचारी असलम की सबसे पहले पत्र पर नजर पड़ी। इसके बाद उसने उस पत्र की तस्वीर लेकर व्हाट्सऐप के जरिए डॉक्टर को सूचना दी। जानकारी मिलते ही डॉ. मिहिर तुरंत क्लिनिक पहुंचे, जहां उन्होंने स्वयं आईसीयू के बाहर धमकी भरा पत्र चिपका हुआ देखा।

डॉ. मिहिर के अनुसार, पत्र में बेहद आपत्तिजनक और भय पैदा करने वाली भाषा का प्रयोग किया गया है। उसमें गोली मारने और हत्या की धमकी दी गई है, साथ ही यह भी लिखा गया है कि पुलिस अधिकारियों से संपर्क करने पर भी जान नहीं बचेगी। पत्र के नीचे अंग्रेजी में “kill” शब्द लिखा हुआ पाया गया है। इस घटना के बाद क्लिनिक में काम कर रहे डॉक्टरों और कर्मचारियों में भय का माहौल है। डॉ. मिहिर का कहना है कि पत्र की भाषा से स्पष्ट होता है कि इसे किसी आपराधिक मानसिकता वाले व्यक्ति ने सोच-समझकर डराने के उद्देश्य से लिखा है।

डॉ. मिहिर कुमार ने इस संबंध में धनबाद थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आशंका जताई है कि यह धमकी रंगदारी वसूली से जुड़ी हो सकती है। साथ ही उन्होंने अपने तथा क्लिनिक कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग पुलिस से की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि पत्र चिपकाने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।