logo

लकवाग्रस्त पत्नी की मौत की खबर सुन पति ने भी तोड़ा दम, साथ निकली अंतिम यात्रा

लकवाग्रस्त पत्नी की मौत की खबर सुन पति ने भी तोड़ा दम, साथ निकली अंतिम यात्रा

रांची
ठाकुरगांव के पंचमुखी हनुमान मंदिर रोड निवासी एक बुजुर्ग दंपति की रविवार को महज आधे घंटे के अंतराल में मौत हो गई। 60 वर्षीय शिबू बैठा और उनकी 57 वर्षीय पत्नी सरस्वती देवी के निधन की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर है। दोनों की एक साथ अंतिम यात्रा निकली, जिसे देखकर ग्रामीण भावुक हो उठे।
एक सप्ताह से लकवे का चल रहा था इलाज
बताया गया कि सरस्वती देवी करीब एक सप्ताह पहले लकवाग्रस्त हो गई थीं। इसके बाद उनका रातू में इलाज चल रहा था। रविवार सुबह करीब नौ बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पत्नी के निधन की खबर जैसे ही शिबू बैठा को मिली, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। करीब आधे घंटे बाद, सुबह 9:30 बजे उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
साथ घर पहुंचे दोनों के शव, एक साथ निकली अंतिम यात्रा
दंपति की एक साथ मौत की खबर क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई। दोनों के शव एक साथ उनके घर पहुंचे। इसके बाद दोनों की अंतिम यात्रा भी साथ निकाली गई। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
ग्रामीणों ने बताया अटूट रिश्ते की मिसाल
ग्रामीणों ने कहा कि शिबू बैठा और सरस्वती देवी ने जीवनभर सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ निभाया। संयोग ऐसा रहा कि जीवन के अंतिम पड़ाव पर भी दोनों का साथ नहीं छूटा। आधे घंटे के अंतराल में हुई दोनों की मौत और एक साथ निकली अंतिम यात्रा उनके अटूट रिश्ते की मिसाल बन गई।
 

Tags - Budhmu Thakurgoan elderly couple Ranchi news Jharkhand news