logo

बाबूलाल मरांडी का आरोप: CBI जांच से बौखलाए हेमंत सोरेन और झामुमो के कार्यकर्ता गुंडागर्दी पर उतरे

पासवोवह3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
अवैध पत्थर खनन मामले की सीबीआई जांच को लेकर झारखंड की सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि सीबीआई जांच से बौखलाकर सत्ताधारी दल के कार्यकर्ता अब खुले तौर पर गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए अपने ट्वीट में आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से साहिबगंज में रेलवे के जरिए होने वाली पत्थर ढुलाई को झामुमो के स्थानीय और छुटभैये नेताओं द्वारा रोका जा रहा है। उनका कहना है कि एक तरफ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विदेश दौरे पर निवेश लाने की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके इशारे पर राज्य में अराजकता फैलाई जा रही है। मरांडी ने चेतावनी दी कि अगर ऐसी स्थिति बनी रही, तो झारखंड में कोई भी निवेशक आने का साहस नहीं करेगा। अपने ट्वीट में बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया। 

उन्होंने लिखा- "अवैध पत्थर खनन की सीबीआई जांच से बौखलाए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पार्टी के कार्यकर्ता गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। सूचना प्राप्त हो रही है कि विगत कुछ दिनों से साहिबगंज में रेलवे के माध्यम होने वाली पत्थर ढुलाई को झामुमो के छुटभैये नेताओं द्वारा रोक दिया गया है। एक ओर हेमंत सोरेन विदेश में निवेश लाने के लिए गए हैं, दूसरी ओर उनके ही इशारे पर ही झामुमो के लोग गुंडागर्दी कर रहे हैं। ऐसी ही स्थिति रही तो झारखंड में फूटी कौड़ी का निवेश नहीं आएगा। हेमंत सोरेन ने पंकज मिश्रा, पूजा सिंघल, छवि रंजन, विनय चौबे, मिथिलेश ठाकुर जैसे भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का जो पाप किया है, उसकी सजा जरूर मिलेगी। चाहे ईडी का कार्यालय घेर लीजिए या सीबीआई जांच को प्रभावित करने के लिए पत्थर की ढुलाई रोकिए, भ्रष्टाचार के खिलाफ कारवाई नहीं रुकने वाली।"