logo

दिवंगत डॉ. केके सिन्हा के बेटे हेमंत सिन्हा का निधन, आज होगा अंतिम संस्कार

कक2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के प्रतिष्ठित न्यूरो फिजिशियन दिवंगत डॉ. के.के. सिन्हा के इकलौते पुत्र हेमंत सिन्हा उर्फ पप्पू का शनिवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे और नियमित रूप से डायलिसिस पर थे। उनके निधन की जानकारी फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष विकास सिंह ने दी। हेमंत कुमार सिन्हा के अंतिम संस्कार का कार्यक्रम रविवार को नामकुम स्थित स्वर्णरेखा नदी के किनारे बने मुक्तिधाम में संपन्न होगा। अंतिम यात्रा उनके बूटी रोड स्थित आवास मानसरोवर से निकलेगी।  दिवंगत डॉ. के.के. सिन्हा की समाज में अत्यधिक सम्मानित छवि रही है। उन्हें लोग “ज़िंदगी देने वाला डॉक्टर” कहकर याद करते हैं। मरीजों के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण अद्वितीय था। उनकी दिनचर्या में समय का कोई बंधन नहीं था चाहे रात हो या दिन, जब तक अंतिम मरीज को देख न लेते, वे अपने चैंबर से उठते ही नहीं थे। सेवा की यही भावना उनके व्यक्तित्व की पहचान थी। डॉ. सिन्हा ने अपने पूरे जीवन को चिकित्सा सेवा के नाम कर दिया। मरीजों को राहत पहुँचाना, उन्हें स्वस्थ कर देना ही उनका सच्चा पैशन था। लोगों में उनकी गहरी छाप और मानवीय मूल्यों के प्रति उनकी निष्ठा को आज भी लोग याद करते हैं।