logo

चार साल में 1.60 लाख रिक्त पद भरने का लक्ष्य, हेमंत सरकार प्रतिबद्ध; बोले मंत्री राधाकृष्ण किशोर

radha2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हेमंत सोरेन 2.0 सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को राज्यभर के 8,792 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। समारोह में शामिल वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राज्य में स्वीकृत पदों में अब केवल 1.60 लाख रिक्तियां शेष हैं, जिन्हें सरकार आने वाले चार वर्षों में पूर्ण रूप से भरने का लक्ष्य लेकर चल रही है। वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद जिस स्तर पर नियुक्तियों और मूलभूत संरचना के विकास का कार्य होना चाहिए था, वह वर्षों तक अधूरा रहा। लेकिन मौजूदा सरकार ने सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं पर विशेष ध्यान देकर स्थितियों में बदलाव लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ अब जमीन पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले छह वर्षों में राज्य की प्रति व्यक्ति आय 85,000 रुपये से बढ़कर 1.05 लाख रुपये हो गई है। उनका कहना था कि सर्वजन पेंशन, मुख्यमंत्री मइयां योजना और युवाओं व महिलाओं के लिए लागू की गई अनेक योजनाओं ने आम लोगों की क्रय शक्ति में उल्लेखनीय वृद्धि की है।

मंत्री राधाकृष्ण किशोर के अनुसार, 50 लाख महिलाएं मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना की लाभुक हैं, जिससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। शासन इस योजना पर हर वर्ष 15,300 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के प्रयासों का असर अब हर विभाग और हर क्षेत्र में दिखाई देने लगा है।