रांची
झारखंड में मानसून अब सक्रिय चरण में प्रवेश कर चुका है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 11 से 13 जुलाई के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 14 और 15 जुलाई को कई जिलों में तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। संभावित मौसम को देखते हुए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 14 और 15 जुलाई को होने वाली बारिश से राज्य में अब तक बनी वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है। 15 और 16 जुलाई को भी कुछ इलाकों में रुक-रुक कर बारिश जारी रहने के आसार हैं। अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है लेकिन उसके बाद इसमें गिरावट आने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है।

अब तक केवल 252.4 मिमी वर्षा
वहीं राजधानी रांची में शुक्रवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश हुई। बारिश से मौसम खुशनुमा बना रहा। हालांकि, बारिश के आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। 8 जुलाई तक जहां सामान्य वर्षा की तुलना में केवल 5 प्रतिशत की कमी दर्ज थी, वहीं 10 जुलाई तक यह अंतर बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया। सामान्य तौर पर इस अवधि तक 296.1 मिमी बारिश होनी चाहिए थी लेकिन अब तक केवल 252.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
बीते 24 घंटे के दौरान रांची में सिर्फ 0.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार हल्की बारिश होने के बावजूद वर्षा की कमी दूर नहीं हो सकी है। दूसरी ओर तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का मानना है कि अगले सप्ताह की शुरुआत में संभावित भारी बारिश से स्थिति में सुधार देखने को मिल सकता है।