logo

हजारीबाग-रामगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़; 5 गिरफ्तार 

हजारीबाग-रामगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़; 5 गिरफ्तार 

हजारीबाग/रामगढ़ 
हजारीबाग पुलिस की सतर्कता और रामगढ़ पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। दो दिन पहले हजारीबाग के लोहसिंघना थाना क्षेत्र में अवैध रिवॉल्वर के साथ पकड़े गए एक युवक से पूछताछ के दौरान मिले अहम सुराग ने पुलिस को सीधे रामगढ़ के भुरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित ए.के. कोलियरी इलाके तक पहुंचा दिया। यहां छापेमारी कर पुलिस ने अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक दंपती समेत अब तक कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। फैक्ट्री से अर्द्धनिर्मित देसी पिस्टल, हथियार बनाने की मशीनें, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, वेल्डिंग उपकरण, बैरल, ट्रिगर, स्प्रिंग सहित बड़ी मात्रा में हथियार निर्माण के पुर्जे बरामद किए गए हैं। बरामदगी से साफ संकेत मिलता है कि यहां लंबे समय से संगठित तरीके से हथियार तैयार किए जा रहे थे।

सिंडिकेट की आर्थिक और आपराधिक कड़ियों को भी खंगाल रही

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इस फैक्ट्री से तैयार हथियार झारखंड के विभिन्न जिलों सहित अन्य क्षेत्रों में भेजे जाते थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क का सरगना कौन है, हथियार किन अपराधियों तक पहुंचते थे और इसके तार किन-किन जिलों से जुड़े हैं।पुलिस ने फैक्ट्री से मिले सभी उपकरण और हथियार जब्त कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर इस अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द बड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि एक अवैध हथियार की बरामदगी से शुरू हुई जांच ने अपराध के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट की आर्थिक और आपराधिक कड़ियों को भी खंगाल रही है।

Tags - Joint Operation Illegal Arms Factory Jharkhand Police Organized Crime