द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग नगर निगम के नए उप महापौर अविनाश यादव ने आज पूरे उत्साह के साथ अपना पदभार संभाल लिया। नगर निगम कार्यालय में ढोल-नगाड़ों की गूंज और समर्थकों के उत्साह ने माहौल को उत्सव जैसा बना दिया। इस मौके पर महापौर अरविंद राणा, सभी वार्ड पार्षद और नगर निगम के सहायक कमिश्नर विपिन कुमार ने उप महापौर का गर्मजोशी से स्वागत किया। अविनाश यादव को पुष्पगुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में उप महापौर अविनाश यादव ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से आम लोगों तक सरल और त्वरित रूप में उपलब्ध कराना होगा।

उनका यह कदम नागरिकों को सरकारी सेवाओं में होने वाली लंबी प्रक्रियाओं और जटिलताओं से निजात दिलाने की दिशा में माना जा रहा है। इसके अलावा, अविनाश यादव ने कहा कि वे सभी वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को चिन्हित करेंगे और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा जहां-जहां कमियां हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा करना हमारी जिम्मेदारी होगी। उनके इस बयान के बाद नगर निगम में पारदर्शिता और कामकाज की गति को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि उप महापौर की ये प्राथमिकताएं जमीन पर कितनी जल्दी और प्रभावी ढंग से लागू होती हैं। नगर निगम कर्मचारियों और नागरिकों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि अविनाश यादव प्रशासनिक कार्यों में किस प्रकार सुधार और तेजी ला पाते हैं।
.jpeg)