logo

नमकीन स्नैक्स खाते समय 2 साल के बच्चे के गले में फंसा गुब्बारा, दम घुटने से मौत

नमकीन स्नैक्स खाते समय 2 साल के बच्चे के गले में फंसा गुब्बारा, दम घुटने से मौत

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
हजारीबाग जिले के बरकट्ठा में एक छोटी-सी लापरवाही ने दो साल के मासूम की जान ले ली। डाकडीह स्थित साहू टोला में रविवार शाम नमकीन स्नैक्स खाते समय 2 साल के बच्चे के गले में फंसा गुब्बारा, दम घुटने से मौत खाते समय पैकेट में निकला छोटा गुब्बारा निगलने से बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान बरकट्ठा निवासी मनोज साव के पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। बरकट्ठा उत्तरी पंचायत की मुखिया प्रमिला देवी और पंचायत प्रतिनिधि बसंत साव से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे शिवम के पिता मनोज साव स्थानीय दुकान से बैलून ब्रांड का नमकीन स्नैक्स खरीदकर लाए थे। बच्चा घर में नमकीन स्नैक्स खा रहा था। इसी दौरान पैकेट में बच्चों को आकर्षित करने के लिए रखा गया छोटा गुब्बारा भी उसके मुंह में चला गया और उसने उसे निगल लिया।


गले में गुब्बारा फंसने से बिगड़ी हालत
गुब्बारा गले में फंसते ही शिवम को सांस लेने में परेशानी होने लगी। उसकी हालत बिगड़ती देख परिजन घबरा गए और बिना देर किए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरकट्ठा लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में बच्चे की मौत हो गई। स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मुखिया प्रमिला देवी और प्रतिनिधि बसंत साव ने स्नैक्स के पैकेट में बच्चों को लुभाने के लिए गुब्बारे, प्लास्टिक की गोलियां और दूसरे छोटे खिलौने रखे जाने पर चिंता जताई। उनका कहना है कि ऐसी वस्तुएं छोटे बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। खेल-खेल में या खाने के दौरान इन्हें निगल लेने से दम घुटने जैसी जानलेवा स्थिति पैदा हो सकती है।


धनबाद की कंपनी में तैयार होता है उत्पाद
मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित उत्पाद का निर्माण मां तारा फूड प्रोडक्ट, कतरास, धनबाद द्वारा किया जाता है। इस घटना ने बच्चों के खाने-पीने के उत्पादों के पैकेट में छोटी वस्तुएं रखने की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों के लिए भी यह घटना सतर्क रहने का संदेश देती है कि छोटे बच्चों को स्नैक्स देते समय पैकेट में मौजूद अतिरिक्त वस्तुओं पर ध्यान दें और ऐसी चीजें बच्चों की पहुंच से दूर रखें।

Tags - Hazaribagh News Jharkhand News Child Safety Choking Incident Food Safety