logo

हजारीबाग : घायल युवकों से एंबुलेंस में तेल भरवाने के नाम पर 1200 रुपये वसूलने का आरोप

घायल युवकों से एंबुलेंस में तेल भरवाने के नाम पर 1200 रुपये वसूलने का आरोप

हजारीबाग: 
Hazaribagh News:
हजारीबाग के केरेडारी में दो युवकों को गोली लगने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाल तस्वीर सामने आई है। आरोप है कि गोली से घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान सरकारी एंबुलेंस में तेल नहीं होने की बात कहकर उनसे ही 1200 रुपये तेल भरवाने के नाम पर वसूल लिए गए।

गोली लगने से घायल हुए दो युवक
दरअसल, केरेडारी थाना क्षेत्र में देर रात दो युवकों को गोली लगने से हड़कंप मच गया। घायलों की पहचान रूपलाल कुमार महतो और रमेश कुमार महतो के रूप में हुई है। दोनों का इलाज फिलहाल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सीकरी के पास बाइक सवार युवकों ने रोकने की कोशिश की
घायल युवकों के मुताबिक, वे अपने दोस्त के घर आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान सीकरी के पास काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। दोनों नहीं रुके और आगे निकल गए। कुछ दूर जाने के बाद उन्हें पता चला कि उन्हें गोली लगी है। इसके बाद दोनों को बड़कागांव स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें हजारीबाग रेफर कर दिया।

सरकारी एंबुलेंस में तेल नहीं होने का दिया हवाला
घायल युवकों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद उन्हें सरकारी एंबुलेंस से हजारीबाग ले जाने की बात हुई। हालांकि, चालक ने कथित तौर पर एंबुलेंस में तेल नहीं होने की बात कही। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने की मजबूरी में घायल युवकों से ही तेल भरवाने के नाम पर 1200 रुपये ले लिए गए।

सरकारी एंबुलेंस की व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सवाल यह है कि जब सरकारी एंबुलेंस गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए उपलब्ध कराई जाती है, तो उसमें ईंधन की व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी है? अगर एंबुलेंस में तेल नहीं था, तो घायल मरीजों से ही पैसे क्यों लिए गए फिलहाल, एंबुलेंस चालक पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, पुलिस गोलीकांड में शामिल युवकों की पहचान करने और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।

Tags - Hazaribagh Crime Jharkhand Health System