logo

गुमला के 500 आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाया गया ‘ग्रेजुएशन डे’, 2500 नन्हें बच्चों को दी गई स्नेहपूर्ण विदाई

gumla_CHILD_FEST.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार गुमला जिले के 500 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘ग्रेजुएशन डे’ का आयोजन उत्सवपूर्ण एवं भावनात्मक माहौल में किया गया। इस विशेष अवसर पर 6 वर्ष पूर्ण कर चुके लगभग 2500 बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों से स्नेहपूर्वक विदाई दी गई तथा उनके विद्यालयी जीवन की नई शुरुआत का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए विशेष गतिविधियाँ आयोजित की गईं। नन्हें बच्चों को सम्मानपूर्वक ‘ग्रेजुएट’ के रूप में तैयार कर उन्हें विदाई दी गई, जिससे उनके भीतर आत्मविश्वास एवं उत्साह का संचार हो सके। इस अवसर पर बच्चों के अभिभावक, सेविका एवं सहायिका भी उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपायुक्त के निर्देशानुसार इस पहल का उद्देश्य प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (Early Childhood Care and Education) को सशक्त बनाना तथा बच्चों को विद्यालयी शिक्षा के लिए सहज एवं प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करना है।

‘ग्रेजुएशन डे’ के माध्यम से बच्चों के जीवन के इस महत्वपूर्ण संक्रमण काल को उत्सव के रूप में मनाते हुए उन्हें नई राह पर अग्रसर होने के लिए प्रोत्साहित किया गया। यह पहल न केवल बच्चों के लिए यादगार अनुभव साबित हुई, बल्कि अभिभावकों एवं समुदाय में भी शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देने में सफल रही। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने सभी बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये नन्हें कदम आगे चलकर समाज और राष्ट्र के सशक्त निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी बच्चे शिक्षा के इस नए सफर में निरंतर प्रगति करते हुए अपने सपनों को साकार करेंगे।

Tags - gumla upayukta-prerna-dixit 500-anganwadi-centers graduation-day celebratory-event emotional-environment 2500-children affectionate-farewell school-life-beginning special-activities confident-graduates