द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित चतुर्थ राजकीय गणतंत्र मेला महोत्सव 2026 का रविवार को भव्य उद्घाटन राज्य की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह दो दिवसीय महोत्सव झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को दर्शाने का एक महत्वपूर्ण मंच है।
.jpg)
मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को जोड़ते हैं और स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ने का मौका देते हैं। 29 और 30 मार्च को हो रहे इस महोत्सव में देश के अलग-अलग हिस्सों से कलाकार, गायक, कवि और नर्तक शामिल हो रहे हैं। पहले दिन ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोकनृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और शहर में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि यह महोत्सव न सिर्फ संस्कृति को बढ़ावा देता है, बल्कि युवाओं, कलाकारों और कारीगरों को भी आगे बढ़ने का अवसर देता है। मंत्री ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। इस दौरान जनप्रतिनिधि, डीसी, एसपी, अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।