logo

झारखंड के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, रांची होते हुए पुरुलिया से आनंद विहार तक नई ट्रेन

TRAIN21.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेल मंत्रालय ने पुरुलिया से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल तक नई ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन रांची, लोहरदगा, टोरी, डाल्टनगंज, अयोध्या धाम और लखनऊ होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम को पत्र लिखकर इस नई ट्रेन की जानकारी दी है। पलामू को लखनऊ से जोड़ने के लिए सांसद विष्णुदयाल राम ने लोकसभा में मांग उठाई थी और इस संबंध में रेल मंत्री से कई बार मुलाकात भी की थी। उनकी पहल के बाद इस ट्रेन को मंजूरी मिली है।


घोषणा के अनुसार, पुरुलिया-आनंद विहार ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित की जाएगी। ट्रेन शुरू होने से पलामू और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को काफी राहत मिलेगी। खासकर लखनऊ स्थित पीजीआई में इलाज के लिए जाने वाले मरीजों को सुविधा होगी। इसके अलावा वाराणसी और अयोध्या धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सीधा लाभ मिलेगा।


सांसद विष्णुदयाल राम ने नई ट्रेन की सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से पलामू क्षेत्र के लोग लखनऊ के लिए सीधी ट्रेन की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी हो गई है। जल्द ही इस ट्रेन का परिचालन शुरू किया जाएगा।