logo

अवैध बालू की कमाई से गोड्डा पुलिस प्रशासन रोजाना कमा रही है 27 लाख - प्रदीप यादव

combined_image.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने गोड्डा उपायुक्त को पत्र लिखकर पथरगामा अंचल की गेरूवा नदी से हो रहे अवैध बालू उठाव पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पिछले छह महीनों से नदी के कई घाटों- सनातन घाट से सिमरिया चकवा घाट तक-लगातार भारी मात्रा में अवैध बालू खनन हो रहा है, जो जिले में चिंता का बड़ा विषय बन गया है।

पत्र में आरोप लगाया गया है कि अवैध खनन में स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मिलीभगत से प्रति डंपर लगभग 18,500 रुपये की वसूली की जा रही है। आम जनता इस संकट से त्रस्त है, जबकि दूसरी ओर प्रतिदिन 150 डंपरों से 18,500 रुपये प्रति वाहन के हिसाब से लगभग 27,75,000 रुपये (सत्ताईस लाख पचहत्तर हजार रुपये) की अवैध वसूली कर स्थानीय प्रशासन और इसमें संलिप्त लोग मालामाल हो रहे हैं। 

वहीं दूसरी ओर, रोजमर्रा के कार्यों- जैसे अंबेडकर आवास, अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास, विभागीय छोटे-छोटे निर्माण कार्य तथा निजी मकान निर्माण-के लिए सीमित मात्रा में बालू उठाव करने वाले आम लोगों पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई करते हुए भारी-भरकम मामले दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

विधायक ने यह भी कहा कि इस अवैध खनन के कारण नदी किनारे बसे गांवों में जलस्तर तेजी से गिरा है, खेतों की नमी खत्म हो रही है और सिंचाई के स्रोत लगभग समाप्त हो चुके हैं। साथ ही उन्होने मांग है कि जिला टास्क फोर्स गेरूवा नदी में अवैध बालू उठाव पर अविलंब स्थायी रोक लगाए साथ ही पिछले छह माह से हो रही करोड़ों रुपये की अवैध वसूली की जांच के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।

Tags - ILLEGAL SAND MINING GODDA KHABAR GODDA NEWS PRADDEP YADAV ON DC GOODA