द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगियाचक स्थित ढोलिया नदी में सोमवार की दोपहर 10 वर्षीय बच्ची का शव तैरता हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। मृतका की पहचान मोनिका हेम्ब्रम, उम्र 10 वर्ष, पिता एंटोनी हेम्ब्रम, निवासी डोमनचक, थाना मेहरमा, जिला गोड्डा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बच्ची रविवार शाम से ही लापता थी, जिसकी काफी खोजबीन की जा रही थी।

इसी बीच सोमवार सुबह उसका शव नदी में तैरता हुआ मिला। परिजनों ने बताया कि बच्ची मानसिक रूप से असंतुलित थी और मिर्गी की बीमारी से भी पीड़ित थी। आशंका जताई जा रही है नहाने के दौरान वह नदी में गिर गई होगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
.jpeg)