logo

हेडमास्टर पर छात्राओं ने लगाया छेड़खानी का आरोप, थाने में दिया आवेदन; CWC एक्टिव

सितेश तिवारी/हजारीबाग
हजारीबाग के चरही थाना क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय से बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। स्कूल के प्राचार्य पर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और शारीरिक स्पर्श के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित छात्राओं ने सबसे पहले चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला बाल कल्याण समिति हजारीबाग तक पहुंचा। बहेरा मिडिल स्कूल के हेडमास्टर महेंद्र प्रसाद राणा पर करीब दो दर्जन छात्राओं ने पढ़ाई के दौरान शारीरिक छेड़छानी का आरोप लगाया है। इस घटना के सामने आने के बाद स्कूल में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।


शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
बताया जा रहा है कि 11 अप्रैल को दो छात्राओं ने बाल संरक्षण हेल्पलाइन पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही संबंधित टीम चरही पुलिस के साथ स्कूल पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की गई। बुधवार को पीड़ित छात्राओं और अन्य कक्षाओं की छात्राओं को बयान और गवाही के लिए हजारीबाग स्थित बाल कल्याण समिति ले जाया गया। जांच के बाद आयोग ने चरही थाना को हेडमास्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया।

स्थानीय लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर संपूर्णा संकट मोचन संगठन की अध्यक्ष अमीषा प्रसाद ने थाना में लिखित आवेदन दिया। इस दौरान पंचायत समिति सदस्य आशा राय और शक्ति देवी भी मौजूद रहीं। आवेदन में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में गहरी चिंता देखी जा रही है और स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त निगरानी की मांग तेज हो गई है।

अधिकारियों ने कार्रवाई प्रक्रिया की पुष्टि की
बाल कल्याण समिति से जुड़े विनीत जैन ने बताया कि स्वयंसेवी संगठन द्वारा आवेदन दिया गया है। दो छात्राओं ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर छेड़छाड़ और शारीरिक स्पर्श की शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अमीषा प्रसाद ने बताया कि जांच के दौरान दो दर्जन से अधिक छात्राओं ने छेड़छाड़ की बात कही। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षक ने उन्हें धमकी दी थी कि अगर वे घर पर जानकारी देंगे तो परिणाम बुरा होगा। उन्होंने आरोपी को नौकरी से हटाने और कठोर कार्रवाई की मांग की है।

 

Tags - Hazaribagh Jharkhand School News Student Safety Harassment Case Crime News Education Child Protection Breaking News India News Police Investigation FIR Child Welfare Committee Local News