गिरिडीह
गिरिडीह जिले में किसान अब लाखों रुपये के कमाई कर रहे है. आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर किसान न सिर्फ अपनी आय बढ़ा रहे हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. जिले के अटकी पंचायत में सरकार और निजी बैंकों के सहयोग से ग्रीन हाउस, सिंचाई के लिए पंप हाउस और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. इन संसाधनों के बेहतर उपयोग से किसान सालभर खेती कर पा रहे हैं और मौसम की मार से भी काफी हद तक सुरक्षित हैं.
आधुनिक तकनीक और सुविधाओं के कारण बढ़ा मुनाफा
इस पहल का असर यह है कि अटकी पंचायत के किसान अब लाखों रुपये की कमाई कर रहे हैं और अपने परिवार का बेहतर तरीके से पालन-पोषण कर रहे हैं. खासकर इस मौसम में यहां के किसान खीरा और टमाटर की उन्नत खेती कर अच्छी आमदनी हासिल कर रहे हैं. किसान चेतलाल मेहतो बताते हैं कि पहले पारंपरिक खेती से सीमित आमदनी होती थी, लेकिन अब आधुनिक तकनीक और सुविधाओं के कारण उत्पादन और मुनाफा दोनों बढ़ा है. वहीं किसान लीलावती देवी का कहना है कि सरकारी सहयोग से महिलाओं की भी खेती में भागीदारी बढ़ी है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है.

किसानों को मिलती है हर संभव सहायता
पंचायत के मुखिया ईश्वर हेमंब्रम ने बताया कि किसानों को हर संभव सहायता दी जा रही है, ताकि वे आधुनिक खेती अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकें. अटकी पंचायत के किसान आज इस बात का उदाहरण बन चुके है कि यदि सही दिशा, संसाधन और मेहनत से, खेती न सिर्फ रोजगार का साधन बन सकती है, बल्कि समृद्धि का रास्ता भी खोल सकती है.
